Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 अक्टूबर । जनपद में दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के नयाबस निवासी एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के पांच अन्य सदस्यों पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर शारीरिक एवं मानसिक उत्पीड़न करने, मारपीट करने और घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने महिला थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।न पीड़िता कविता पुत्री प्रेमपाल निवासी नयाबस, किले के पास, थाना हाथरस गेट ने बताया कि उसकी शादी 30 नवंबर 2025 को हसायन थाना क्षेत्र के गांव नगला आम निवासी ख्यालीराम उर्फ सीटू पुत्र नेत्रपाल के साथ हुई थी। पीड़िता के मुताबिक, शादी में उसके मायके पक्ष ने करीब छह लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति ख्यालीराम उर्फ सीटू, सास सुशीला देवी, ससुर नेत्रपाल, जेठ हरिओम, जिठानी हेमलता और ननद गीता अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करने लगे।

कविता का आरोप है कि ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज में मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। इसके साथ ही मायके पक्ष पर पक्का मकान बनवाने और अलग से लैट्रिन-बाथरूम का निर्माण कराने का दबाव भी बनाया जा रहा था। पीड़िता के अनुसार, मांग पूरी नहीं होने पर उसे लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। शादी को अभी सात से आठ महीने ही हुए थे कि विवाद बढ़ने लगा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि 26 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे पति सहित ससुराल के सभी सदस्यों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने रात करीब 11 बजे फोन करके अपने मायके में भाई को घटना की जानकारी दी। अगले दिन सुबह करीब 10 बजे उसके पिता, भाई, दादी और एक पड़ोसी ससुराल पहुंचे, ताकि मामले को लेकर बातचीत की जा सके।

कविता के अनुसार, मायके पक्ष के लोगों के पहुंचने पर ससुराल वालों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि पति और ननद ने परिजनों के सामने ही उसके साथ मारपीट की और धक्का देकर घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता का कहना है कि इस दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने स्पष्ट रूप से कहा कि दहेज की मांग पूरी होने के बाद ही उसे वापस लाया जाए। घटना के बाद कविता अपने मायके आ गई और 28 जुलाई 2026 को महिला थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत में उसने पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page