Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 अक्टूबर । थाना चंदपा क्षेत्र के गांव पापरी निवासी 19 वर्षीय युवती ने गांव के ही एक युवक पर छेड़छाड़ और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर मामले में मुकदमा दर्ज कराने और निष्पक्ष विवेचना कराए जाने की मांग की है। युवती ने अपनी शिकायत में घटना का विवरण देते हुए स्थानीय पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। पीड़िता निकिता पुत्री पवन कुमार, निवासी गांव पापरी के अनुसार, गांव का मौनू पुत्र साहूकार रास्ते में आते-जाते उस पर अश्लील टिप्पणियां करता था। आरोप है कि विरोध करने पर युवक अश्लील हरकतें करता था। पीड़िता ने बताया कि 9 सितंबर 2026 को शाम करीब पांच बजे जब वह रास्ते से जा रही थी, तभी आरोपी ने उसे रोक लिया और उसके सीने पर हाथ मार दिया। इसके बाद युवती ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।

पीड़िता के मुताबिक, घटना की शिकायत करने के लिए उसके परिजन आरोपी के घर पहुंचे, जहां प्रवीण पुत्र साहूकार, साहूकार पुत्र नेकसेराम और धर्मेंद्र पुत्र नेकसेराम भी मौजूद थे। आरोप है कि शिकायत करने पर वहां गाली-गलौज शुरू हो गई और विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। इस दौरान युवती के दाहिने हाथ में चोट लग गई। पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद उसने मामले में कार्रवाई कराने का प्रयास किया, लेकिन उसे न्याय नहीं मिल सका।

युवती ने आरोप लगाया कि वह शिकायत लेकर थाना चंदपा पहुंची थी, लेकिन पुलिस ने न तो उसका मेडिकल परीक्षण कराया और न ही उसकी रिपोर्ट दर्ज की। पीड़िता का यह भी आरोप है कि पुलिस ने दबाव में आकर उसके परिजनों के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद हाथ में सूजन बढ़ने पर उसने 16 सितंबर 2026 को बागला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण और एक्स-रे कराया। पीड़िता के अनुसार, उसने रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की थी। अब उसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 173(4) के तहत प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया है। इसके माध्यम से संबंधित आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की निष्पक्ष विवेचना कराने की मांग की गई है। फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों और पुलिस की भूमिका से जुड़े तथ्यों की पुष्टि संबंधित जांच एवं न्यायालय की कार्यवाही के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page