हाथरस 18 अक्टूबर । राष्ट्रीय गोकुल मिशन योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मैत्री प्रशिक्षण के लिए ऑनलाइन आवेदन पुनः आमंत्रित किए गए हैं। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विजय सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित चयन मानकों के अनुसार जीव विज्ञान विषय से इंटरमीडिएट उत्तीर्ण अभ्यर्थी ही इस प्रशिक्षण के लिए आवेदन करने के पात्र होंगे। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने समस्त उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारियों एवं पशु चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं, ताकि अधिक से अधिक पात्र अभ्यर्थी प्रशिक्षण के लिए आवेदन कर सकें। इसके लिए संबंधित विकास खंडों, ग्राम पंचायतों एवं अन्य उपयुक्त माध्यमों से युवाओं को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है। उन्होंने यह भी निर्देशित किया है कि पात्र अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाए, जिससे कोई भी योग्य अभ्यर्थी जानकारी के अभाव में आवेदन करने से वंचित न रहे। मैत्री प्रशिक्षण के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 की रात्रि 12 बजे निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को आवेदन केवल मुख्य कार्यकारी अधिकारी, उत्तर प्रदेश पशुधन विकास परिषद, लखनऊ द्वारा निर्धारित आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही करना होगा।
आवेदन पोर्टल: https://maltrlupldb.in
इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि से पहले अपनी पात्रता सुनिश्चित करते हुए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। यह पहल राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण है।








