सासनी 16 अक्टूबर 2026। गांव लुटसान में पारिवारिक विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता भावना पुत्री शिवकुमार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने उनके चाचा और चाची के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में भावना ने बताया कि 13 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7 बजे उनकी मां नीतू देवी घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान उनके चाचा नीरज पुत्र बलवीर सिंह और चाची नगीना देवी वहां पहुंचे और उनकी मां के साथ मारपीट करने लगे। मां को बचाने के लिए भावना और उनकी बहन दीक्षा बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो आरोप है कि दोनों आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
इस घटना में भावना के सिर और उनकी बहन दीक्षा के हाथ में चोटें आईं। पीड़िता के अनुसार, मारपीट करने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। घटना के संबंध में पीड़िता ने सासनी थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर सासनी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।








