हाथरस, 16 अक्टूबर । महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद में मिशन शक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 अक्टूबर 2026 को हाथरस जंक्शन पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने विद्यालय के पास छात्राओं पर कथित रूप से अभद्र टिप्पणी करने और फब्तियां कसने के मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में थानाध्यक्ष हाथरस जंक्शन के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार, एंटी रोमियो टीम द्वारा चेकिंग के दौरान श्री साहब सिंह इंटर कॉलेज, ग्राम दरियापुर के पास यह कार्रवाई की गई। मामले में थाना हाथरस जंक्शन पर मु0अ0सं0 321/2026, धारा 296 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान अमन पुत्र विनोद, निवासी ग्राम खेरिया; लक्ष्मीकान्त पुत्र राजकुमार, निवासी ग्राम नगला केशों तथा सुमित पुत्र संत कुमार, निवासी ग्राम दरियापुर, थाना हाथरस जंक्शन, जनपद हाथरस के रूप में हुई है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली एंटी रोमियो टीम में उपनिरीक्षक रामकिशोर, प्रभारी एंटी रोमियो टीम, महिला कांस्टेबल खुशबू, महिला कांस्टेबल शिवानी, महिला कांस्टेबल रश्मि, हेड कांस्टेबल शैलेन्द्र और कांस्टेबल आकाश ठाकुर शामिल रहे। हाथरस पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों, विद्यालयों और कॉलेजों के आसपास अभद्र व्यवहार, छेड़छाड़ अथवा उत्पीड़न की किसी भी घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में शिकायत मिलने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।










