
हाथरस 15 अक्टूबर । शहर में ठगी का एक मामला सामने आया है, जहां एक अज्ञात व्यक्ति ने महिला को अपनी बातों में उलझाकर उसके गले से करीब एक तोले का सोने का मंगलसूत्र उतरवा लिया और बदले में लिफाफे में लकड़ी रखकर थमा दी। महिला को घर पहुंचने पर ठगी का पता चला। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। सदर कोतवाली क्षेत्र की सुदीप कॉलोनी, सीयलखेड़ा निवासी अखिलेश गुप्ता पत्नी प्रेमचंद गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 12 अक्टूबर की सुबह वह कलेक्ट्रेट से स्टांप लेकर टेंपो से उतरी थीं। इसके बाद वह पंजाब होटल, सासनी गेट के पास पैदल जा रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें बातचीत में उलझा लिया।
आरोप है कि व्यक्ति ने अपनी बातों में फंसाकर महिला के गले से करीब एक तोले का सोने का मंगलसूत्र उतरवा लिया। इसके बदले उसने महिला को एक लिफाफा थमा दिया और वहां से फरार हो गया। महिला जब घर पहुंचीं और पति के सामने लिफाफा खोला तो उसमें सोने के मंगलसूत्र की जगह लकड़ी रखी मिली। इसके बाद उन्हें अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।महिला ने मामले की शिकायत पुलिस से की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







