
हाथरस 15 अक्टूबर । अलीगढ रोड स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति में धान की अत्यधिक आवक के चलते मंडी स्थल पूरी तरह भर गया है। इसके कारण मंडी में ट्रकों की लोडिंग नहीं हो पा रही है। इस स्थिति को देखते हुए 16 अक्टूबर को मंडी में किसानों द्वारा बिक्री के लिए लाई जाने वाली धान सहित समस्त कृषि उपज का प्रवेश बंद रहेगा। मंडी समिति की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 15 अक्टूबर को धान की अधिक आवक होने के कारण यह निर्णय लिया गया है। किसानों और व्यापारियों को होने वाली असुविधा से बचाने के लिए पहले ही इसकी जानकारी दी जा रही है। सूचना में बताया गया है कि 16 अक्टूबर को मंडी में कृषि उपज की आवक बंद रहेगी, जबकि 17 अक्टूबर से मंडी का संचालन पूर्ववत शुरू हो जाएगा। ऐसे में किसानों और व्यापारियों से अपील है कि वे निर्धारित तिथि को ध्यान में रखते हुए अपनी कृषि उपज मंडी में लाने की योजना बनाएं, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।







