Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 अक्टूबर । जिला अस्पताल में पिछले कई दिनों से अल्ट्रासाउंड जांच सेवा ठप पड़ी है। बुधवार को भी अल्ट्रासाउंड कक्ष पर ताला लटका रहा, जिसके चलते मरीजों को बिना जांच कराए ही वापस लौटना पड़ा। अस्पताल में एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट तैनात होने और उनके जिले में मौजूद न होने से यह समस्या बनी हुई है। बुधवार को करीब 30 मरीज मायूस होकर लौट गए। जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल में तैनात रेडियोलॉजिस्ट डॉ. संतोष कुमार गुप्ता के खिलाफ करीब दो वर्ष पहले उम्र का गलत प्रमाणपत्र बनवाने के आरोप में शिकायत की गई थी। इस मामले में मेडिकल काउंसिल द्वारा उनका पंजीकरण रद्द करने की कार्रवाई की गई है। इसी आधार पर स्वास्थ्य निदेशालय ने उनसे स्पष्टीकरण मांगा है। बताया गया है कि डॉ. गुप्ता फिलहाल शासन के समक्ष अपना पक्ष रखने गए हैं। उनकी अनुपस्थिति के चलते अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच नहीं हो पा रही है।

दो दिन से चक्कर काट रहे मरीज

अल्ट्रासाउंड सेवा बंद होने से मरीजों को लगातार अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। मरीज दीपक कुमार ने बताया कि वह पिछले दो दिनों से अल्ट्रासाउंड कराने के लिए अस्पताल आ रहे हैं, लेकिन चिकित्सक के उपलब्ध न होने के कारण उनकी जांच नहीं हो पा रही है। अन्य मरीजों ने भी कई दिनों से परेशान होने की बात कही। अल्ट्रासाउंड जांच नहीं होने से उन मरीजों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिन्हें चिकित्सकों ने बीमारी की पहचान और आगे के उपचार के लिए यह जांच कराने की सलाह दी है।

मेडिकोलीगल मामलों पर भी असर

जिले में एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट होने के कारण स्वास्थ्य सेवाओं पर इसका व्यापक असर पड़ रहा है। रेडियोलॉजिस्ट की अनुपलब्धता के चलते एक्स-रे और सीटी स्कैन से संबंधित मेडिकोलीगल मामलों को भी अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा है। इससे संबंधित मरीजों को दूसरे जिले में जाना पड़ रहा है।

उच्च अधिकारियों को कराया अवगत

जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. सूर्यप्रकाश ने बताया कि समस्या से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। मरीजों को परेशानी न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था तलाशने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल अल्ट्रासाउंड सेवा कब तक बहाल होगी, यह स्पष्ट नहीं है। ऐसे में मरीजों को जांच के लिए इंतजार करना पड़ रहा है और अस्पताल में वैकल्पिक व्यवस्था की जरूरत महसूस की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page