
हाथरस 12 अक्टूबर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित के साथ इगलास रोड स्थित गांव बीछिया में निर्माणाधीन नवीन जिला कारागार का स्थलीय निरीक्षण किया। 1026 कैदियों की क्षमता वाले इस कारागार की वर्तमान भौतिक प्रगति 78 प्रतिशत है। निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने कार्यदायी संस्था को श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर शेष कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ले-आउट प्लान के माध्यम से परियोजना की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने गैर-आवासीय भवनों के निर्माण को प्राथमिकता देने, फिनिशिंग और आंतरिक मार्गों के अधूरे कार्यों में तेजी लाने तथा आवश्यक निर्माण सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को अलग-अलग निर्माण स्थलों पर तैनात किया जाए, ताकि सभी कार्य समानांतर रूप से आगे बढ़ सकें और परियोजना समय पर पूरी हो सके। निरीक्षण के दौरान विद्युत लाइन की शिफ्टिंग और मुख्य मार्ग सहित अन्य निर्माण संबंधी बाधाओं की जानकारी मिलने पर डीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं का तत्काल समाधान कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागीय समन्वय की कमी से निर्माण कार्य प्रभावित नहीं होने चाहिए। साथ ही कार्यदायी संस्था को नियमित प्रगति रिपोर्ट के साथ साप्ताहिक रिपोर्ट उपलब्ध कराने, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच करने, तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने और श्रमिकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कार्यदायी संस्था के सहायक अभियंता विनय दुबे ने बताया कि नवीन जिला कारागार में पुरुष बैरक, महिला बैरक, क्वारंटाइन बैरक, हाई सिक्योरिटी बैरक, सिंगल सीटेड रूम, यंग एडल्ट बैरक, अस्पताल वार्ड, वॉच टावर और प्रशासनिक भवन सहित विभिन्न भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त आवासीय भवन, कम्युनिटी सेंटर, डॉरमेट्री, गेस्ट हाउस, प्रोविजनल स्टोर, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बाउंड्रीवाल, गेट, एसटीपी, यूजीटी, ट्यूबवेल, पंप हाउस, पाथवे, सीसी रोड और बागवानी के कार्य भी परियोजना में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मेल बैरक सहित कई भवनों में स्लैब कास्टिंग पूरी हो चुकी है, जबकि चिनाई, प्लास्टर और अन्य कार्य प्रगति पर हैं। बाउंड्रीवाल का अधिकांश कार्य भी पूरा हो चुका है। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदारों की जवाबदेही तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा शासन को भी अवगत कराया जाएगा। उन्होंने सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर सहित संबंधित अधिकारी और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।










