
हाथरस 12 अक्टूबर। समाजवादी विचारधारा के प्रखर चिंतक, महान स्वतंत्रता सेनानी एवं समाजवादी आंदोलन के अग्रदूत डॉ. राममनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर समाजवादी पार्टी कार्यालय, हाथरस में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. लोहिया के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष देवेन्द्र कुशवाहा ने डॉ. राममनोहर लोहिया के विचारों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन सामाजिक समानता, सामाजिक न्याय और गैर-बराबरी को समाप्त करने के लिए समर्पित किया। उन्होंने गरीबों, किसानों, मजदूरों, पिछड़ों, दलितों और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई लड़कर समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि डॉ. लोहिया के विचार आज भी लोकतांत्रिक मूल्यों और समाजवादी व्यवस्था को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं। उनका मानना था कि जातिगत भेदभाव, आर्थिक असमानता और सामाजिक अन्याय को समाप्त किए बिना समतामूलक समाज की स्थापना संभव नहीं है। समाजवादी पार्टी उनके सिद्धांतों को आगे बढ़ाते हुए सामाजिक न्याय, समान अवसर और जनहित के मुद्दों के प्रति प्रतिबद्ध है। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. लोहिया के आदर्शों को आत्मसात करने और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज के प्रति डॉ. राममनोहर लोहिया का संघर्ष, चिंतन और समर्पण सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। श्रद्धांजलि सभा में जिलाध्यक्ष देवेन्द्र कुशवाहा के साथ अनूप यादव, कुलदीप सिंह, अरविन्द यादव, चेतन शर्मा, रवेन्द्र प्रजापति, अकील कुरैशी, बालकिशन यादव, शहवाज खां, प्रदीप कुशवाहा, नदीम सैफी, संजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










