
हाथरस 11 अक्टूबर। महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर नगर में श्री अग्रवाल सभा के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्री अंगुमल धर्मशाला से शुरू हुई इस शोभायात्रा में 35 आकर्षक एवं मनमोहक झांकियां शामिल रहीं, जिन्होंने श्रद्धालुओं और शहरवासियों का मन मोह लिया। दूर दूर के बैण्डों ने जहां यात्रा की शोभा बढ़ाई वहीं अग्रकुमारों व नागकन्याओं की झांकियों ने चार चांद शोभायात्रा में चार चांद लगा दिए। शोभायात्रा में रथ पर सवार महाराजा अग्रसेन, भगवान श्रीकृष्ण के बाल एवं रास स्वरूप और माता काली के रौद्र व मनोहारी स्वरूप की झांकियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। ढोल-नगाड़ों की गूंज, बैंड-बाजों पर बजते भक्ति गीतों और भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। महाराजा अग्रसेन के जयकारों से नगर गुंजायमान रहा। शोभायात्रा के विभिन्न मार्गों से गुजरने के दौरान जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया और पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया। झांकियों की भव्य सजावट और धार्मिक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों को आकर्षित किया।

श्री अग्रवाल युवा मंडल की आरती बनी आकर्षण का केंद्र
शोभायात्रा के दौरान श्री अग्रवाल युवा मंडल की ओर से महाराजा अग्रसेन जी की भव्य आरती की गई। हरिद्वार से आए छह पंडितों ने विशेष विधि-विधान के साथ आरती संपन्न कराई। इस दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। आरती के दृश्य ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। शोभायात्रा के स्वागत के लिए नगर में कई स्थानों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। अग्रवाल युवा मंडल के तत्वावधान में महाराज अग्रसेन चौक का नवीनीकरण भी किया गया। इस दौरान महाराज अग्रसेन के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो गया। इस मौके पर अध्यक्ष कार्तिक गर्ग, महामंत्री शरद अग्रवाल, कोषाध्यक्ष पंकज गोयल, मुकंद बंसल, प्रतीक गोयल, नितिन अग्रवाल, प्रगम अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

महाराजा अग्रसेन के आदर्शों का दिया संदेश
35 झांकियों से सुसज्जित इस शोभायात्रा ने धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक प्रस्तुत करने के साथ महाराजा अग्रसेन के समाज कल्याणकारी विचारों को भी जन-जन तक पहुंचाया। महाराजा अग्रसेन ने समाज में समानता, सहयोग, सेवा, सद्भाव और परस्पर सम्मान का संदेश दिया था। आयोजन के माध्यम से इन आदर्शों को आत्मसात करने और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया। पूरे कार्यक्रम में श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता का सुंदर संगम देखने को मिला। इस मौके पर शोभायात्रा के संयोजक हर्ष मित्तल पिंटू, सह-संयोजक मनीष मित्तल मोनू व सुनील बंसल रहे। वहीं शोभायात्रा में अध्यक्ष अनिल कुमार मित्तल, कोषाध्यक्ष संजय टालीवाल, मनोज कुमार अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, मनीष मित्तल, आशीष बंसल, मुकेश हुंडी वाले, पंकज अग्रवाल, संजय अग्रवाल, अमित अग्रवाल, सचित अग्रवाल, दिनेश हुंडी वाले, गौरव अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, मुकेश जालान, निरंजन लाल अग्रवाल, मनीष टालीवाल, श्याम बिहारी अग्रवाल, गोविंद शरण अग्रवाल, दिलीप पोद्दार, विनोद अग्रवाल एडवोकेट, गौरव तायल, विश्वन स्वरुप अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, हर्ष अग्रवाल, केशव किशोर गर्ग, बांके बिहारी अग्रवाल, राम अवतार अग्रवाल, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष गौरव आर्य, शरद अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, मनोज अग्रवाल राया वाले, अरुण अग्रवाल सहित काफी संख्या मौजूद रहे।











