Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 10 अक्टूबर। थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ थाना कोतवाली सासनी पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने थाना समाधान पंजिका का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अधिकारियों ने थाने में संचालित मिशन शक्ति सेल का निरीक्षण कर महिला सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कहा कि थाना समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना है। शिकायतों पर केवल औपचारिक कार्रवाई करने के बजाय संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करें और नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ताओं को राहत दिलाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी शिकायत के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक मामले में गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पुलिस और राजस्व विभाग आपसी समन्वय से करें कार्रवाई

डीएम ने निर्देश दिए कि जिन मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई आवश्यक है, उनमें दोनों विभागों की टीमें आपसी समन्वय स्थापित कर मौके पर पहुंचें और समस्या का नियमानुसार निस्तारण करें। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों की नियमित समीक्षा करने और फरियादियों को समय से राहत उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

मिशन शक्ति सेल का निरीक्षण, महिला सुरक्षा पर दिया जोर

थाना समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने थाना कोतवाली सासनी में संचालित मिशन शक्ति सेल का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने मिशन शक्ति कक्ष में तैनात महिला पुलिसकर्मियों से बातचीत कर महिलाओं से संबंधित शिकायतों की सुनवाई, उन पर की जा रही कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। महिला शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को संवेदनशीलता और गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी सासनी, खंड विकास अधिकारी, थाना प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page