Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 सितम्बर। शहर के कमला बाजार में आज दिनदहाड़े एक दुकान पर काम कर रहे 17 वर्षीय किशोर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। किशोर ने 10 से 12 अज्ञात लोगों पर दुकान में घुसकर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद बाजार में हड़कंप मच गया। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर एनसीआर दर्ज कर घायल किशोर का मेडिकल कराया है। चंदपा थाना क्षेत्र के गांव तेहरा निवासी 17 वर्षीय अनस कमला बाजार स्थित एक दुकान पर काम करता है। अनस के मुताबिक, सोमवार को वह दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान सामान खरीदने की बात को लेकर 10 से 12 लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।

अनस का आरोप है कि जब उसने गाली-गलौज का विरोध किया तो सभी लोग दुकान के अंदर घुस आए और उसे घेरकर मारपीट करने लगे। मारपीट के बाद आरोपी मौके से चले गए। दिनदहाड़े बाजार के बीच दुकान में हुई घटना से आसपास के दुकानदारों और लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अनस को उपचार एवं मेडिकल जांच के लिए बागला जिला अस्पताल भेजा। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली सदर के प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र राघव ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर एनसीआर दर्ज कर ली गई है। घायल का मेडिकल कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page