
हाथरस 30 अगस्त। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के उप महाप्रबंधक अतुल कुमार मिश्र ने हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास एवं यात्री सुविधा से जुड़े कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा, सुविधाओं और बुनियादी ढांचे से संबंधित कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान डिप्टी जीएम ने स्टेशन परिसर में लगाए जा रहे सीसीटीवी कैमरों की प्रगति देखी। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए जल्द से जल्द कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि स्टेशन परिसर की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके। इसके बाद उन्होंने नवनिर्मित प्रतीक्षालय और वेटिंग हॉल का निरीक्षण किया तथा यात्रियों के लिए उपलब्ध पेयजल व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानी की टंकियों से समय-समय पर नमूने लेकर उनकी प्रयोगशाला में जांच कराई जाए, जिससे यात्रियों को सुरक्षित एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
डिप्टी जीएम अतुल कुमार मिश्र ने बताया कि हाथरस जंक्शन पर रेलवे कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो दर्जन नए आवास बनाए जाएंगे। इसके अलावा स्टेशन परिसर में वाहनों के व्यवस्थित ठहराव के लिए अलग से बड़ा पार्किंग स्थल भी विकसित किया जाएगा। स्टेशन की नई मुख्य इमारत के निर्माण को लेकर पूछे जाने पर डिप्टी जीएम ने कहा कि इसके लिए अभी थोड़ा इंतजार करना होगा। उन्होंने बताया कि स्टेशन के विकास से संबंधित परियोजनाओं के तहत विभिन्न कार्य चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान टूंडला और अलीगढ़ से आए वरिष्ठ रेल अधिकारी एवं इंजीनियर भी मौजूद रहे। डिप्टी जीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चल रहे सभी कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि यात्रियों को जल्द से जल्द बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
- \













