
हाथरस 03 अगस्त। कोतवाली सदर क्षेत्र के नगला भोजा में बंबा के पास खड़े युवकों पर थार सवार युवक द्वारा तमंचे से फायरिंग किए जाने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। फायरिंग में एक युवक गोली का छर्रा लगने से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपित थार लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। नगला भोजा निवासी दीपक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार शाम वह बंबा पर पीपल के पेड़ के नीचे बंटी और आकाश के साथ खड़ा था। इसी दौरान मोहित और नीरज भी वहां पहुंच गए। सभी आपस में बातचीत कर रहे थे। आरोप है कि तभी न्यू गिलैक्सी होटल, नगला भोजा निवासी अंकित मथुरा की ओर से थार गाड़ी लेकर वहां पहुंचा और युवकों के पास गाड़ी रोक दी।
आरोप है कि अंकित ने वहां पहुंचते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने थार से तमंचा निकाला और दीपक को जान से मारने की नीयत से दो-तीन फायर कर दिए। दीपक ने किसी तरह बचकर अपनी जान बचाई, लेकिन फायरिंग के दौरान गोली का छर्रा पास खड़े मोहित की बाजू में जा लगा, जिससे वह घायल हो गया। फायरिंग की घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आरोपित अंकित थार लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मोहित को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने दीपक की तहरीर के आधार पर आरोपित अंकित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपित की तलाश के साथ ही घटना की जांच कर रही है।








