हाथरस 24 जुलाई। श्रीकृष्ण गौशाला, गौशाला रोड स्थित गौमाता, श्री गिरिराज भगवान एवं प्रातःस्मरणीय परम पूज्य पंडित श्री गया प्रसाद जी महाराज की पावन तपोभूमि पर आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का आज श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ भावपूर्ण विश्राम हुआ। कथा के अंतिम दिवस परम पूज्य आचार्य श्री वल्लभ जी महाराज ने सुदामा चरित्र, श्रीमद्भागवत महापुराण के उपसंहार, राजा परीक्षित के मोक्ष एवं भागवत महात्म्य का प्रेरणादायी वर्णन किया। कथाव्यास ने कहा कि सुदामा चरित्र सच्ची मित्रता, निष्काम प्रेम, विनम्रता और भगवान पर अटूट विश्वास का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण अपने भक्त के वैभव नहीं, बल्कि प्रेम के भूखे होते हैं। सुदामा जी के पास भेंट स्वरूप केवल मुट्ठीभर चिवड़ा था, लेकिन भगवान ने उनके प्रेम को स्वीकार कर उनके जीवन को सुख-समृद्धि से भर दिया। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति श्रद्धा एवं निष्कपट भाव से भगवान का स्मरण करता है, उसके जीवन के सभी कष्ट भगवान स्वयं दूर कर देते हैं।
कथा के समापन के बाद भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकियों, भजन-कीर्तन और जयघोषों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया, जिससे पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। समापन अवसर पर श्रद्धालुओं ने श्रीमद्भागवत महापुराण की आरती कर विश्व शांति, सुख-समृद्धि एवं सनातन धर्म की उन्नति की कामना की। इस दौरान नगर विधायक श्रीमती अंजुला माहौर भी कथा श्रवण के लिए पहुंचीं और आचार्य श्री वल्लभ जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन के दौरान गोविंद बल्लभ जी ने बताया कि 28 जुलाई को नई धर्मशाला, चामड़ गेट, हाथरस में सायंकाल दिव्य सत्संग का आयोजन किया जाएगा। इसके उपरांत 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं वैदिक परंपराओं के अनुरूप हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से दोनों आयोजनों में सपरिवार उपस्थित होकर गुरु कृपा एवं सत्संग का पुण्य लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया। इस अवसर पर गिरिराज किशोर अग्रवाल, अजय अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, अमित अग्रवाल, आयुष्मान बंसल, कुशाग्र बंसल, अनुपम अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, संजय शर्मा, सत्य प्रकाश मदनावत, श्याम सुंदर शर्मा (बंटी भैया), अतुल अग्रवाल (हींग वाले), पंकज खंडेलवाल, राकेश बंसल (हींग वाले) सहित समस्त व्यवस्थापक मंडल एवं हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों, प्रशासन, मीडिया प्रतिनिधियों एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।









