Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 जून । थाना चंदपा क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार कंटेनर ने सामने से स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, रामनगर निवासी 30 वर्षीय निमेष उदेनिया, पुत्र सतीश चंद्र, अपनी स्कूटी से हाथरस स्थित वसुंधरा कॉलोनी में रहने वाली अपनी बुआ के घर जा रहे थे। मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे जब वह गांव बिसाना स्थित तरुण कोल्ड स्टोरेज के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि निमेष सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और यातायात व्यवस्था सुचारु कराते हुए दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर कोतवाली भेज दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक की बुआ-फूफा सहित अन्य रिश्तेदार घटनास्थल पर पहुंच गए। बाद में परिजनों को घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। स्वजनों ने बताया कि निमेष उदेनिया तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और बेंगलुरु की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। उनका बेंगलुरु लौटने का टिकट अगले दिन का ही था और वह अपनी बुआ के यहां मिलने के बाद सीधे बेंगलुरु जाने वाले थे। करीब तीन वर्ष पूर्व उनका विवाह हुआ था और उनकी एक वर्ष की मासूम बेटी भी है। घटना की सूचना मिलते ही आगरा जनपद के रामनगर-खंदौली से भी परिजन हाथरस पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page