
लखनऊ 09 जून। प्रदेश के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों के तबादले एवं समायोजन की प्रक्रिया 12 जून से प्रारंभ होगी। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। नई व्यवस्था के तहत सरप्लस शिक्षकों को उनकी वरीयता के अनुसार बेहतर विकल्प उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, 12 जून तक जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) एनआईसी की वेबसाइट पर सरप्लस शिक्षकों की सूची प्रकाशित करेंगे। इसके बाद शिक्षक 18 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डीआईओएस 25 जून तक प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर अपनी संस्तुति सहित अनुमोदन के लिए माध्यमिक शिक्षा निदेशक को भेजेंगे। तबादला प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 30 जून तक शिक्षकों को कार्यमुक्त कर नए विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण कराया जाएगा। सरप्लस शिक्षकों को मिलेगी वरीयता विभागीय निर्देशों के अनुसार, सरप्लस शिक्षकों द्वारा दिए गए विकल्पों के आधार पर निर्धारित मानकों के तहत वरीयता क्रम तैयार किया जाएगा। यदि कोई सरप्लस शिक्षक स्वयं आवेदन नहीं करता है, तो उसे रिक्त पदों के सापेक्ष किसी भी विद्यालय में समायोजित या स्थानांतरित किया जा सकेगा। सरप्लस शिक्षकों के निर्धारण में संबंधित विद्यालय में सबसे बाद में नियुक्त हुए शिक्षकों को प्राथमिकता के आधार पर सरप्लस माना जाएगा और उनका पहले स्थानांतरण किया जाएगा।


























