Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 जून । भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित तीन दिवसीय पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के दूसरे दिन प्रथम पाली की परीक्षा जनपद के विभिन्न केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स ATUL VATS एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से डी.आर.बी. इंटर कॉलेज तथा सरस्वती इंटर कॉलेज, निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम और स्ट्रांग रूम का अवलोकन किया। अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा कक्षों में चल रही गतिविधियों की निगरानी कर सुरक्षा एवं पारदर्शिता की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने विभिन्न परीक्षा कक्षों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए शुद्ध पेयजल, छायादार प्रतीक्षा स्थल, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही प्रत्येक केंद्र पर मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में परीक्षार्थियों को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि पहले दिन की तरह दूसरे दिन भी परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और निष्पक्ष वातावरण में संचालित की जा रही है। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बताया कि परीक्षा केंद्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अभ्यर्थियों को सघन जांच और निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुपालन के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी पालियों की परीक्षाएं भी इसी प्रकार पूर्ण पारदर्शिता, सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराई जाएंगी। उन्होंने परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियों को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page