
हाथरस 09 जून। सामाजिक सेवा एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सक्रिय संस्था जेसीआई हाथरस स्पार्कल द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए एक जरूरतमंद कन्या के विवाह में सहयोग प्रदान किया गया। संस्था की ओर से कन्या को गृहस्थी के लिए आवश्यक सामग्री भेंट कर उसके नए जीवन की सुखद शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि हिंदू समाज में कन्यादान को महादान और अत्यंत पुण्य का कार्य माना गया है। इसी भावना के साथ जेसीआई हाथरस स्पार्कल प्रत्येक माह एक जरूरतमंद कन्या के विवाह में सहयोग करने का संकल्प लेकर कार्य कर रही है। इसी क्रम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कन्या को घरेलू उपयोग की विभिन्न आवश्यक वस्तुएं, साड़ी, कपड़े, बर्तन, श्रृंगार सामग्री सहित अन्य उपयोगी सामान प्रदान किया गया। संस्था की सदस्याओं ने इस कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लिया और कन्या के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जेसीआई हाथरस स्पार्कल की सभी सखियों ने इस सामाजिक पहल में सहयोग करते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी इसी प्रकार के कन्यादान एवं सामाजिक सेवा प्रकल्पों का संचालन करती रहेगी, ताकि जरूरतमंद परिवारों को सहयोग मिल सके और समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा मिले।






















