अलीगढ़/हाथरस 18 जुलाई । ब्रज ज़ोन संगठन सृजन अभियान के तहत अलीगढ़ के धरमपुर कोर्टयार्ड में आयोजित एक महत्त्वपूर्ण कार्यशाला में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और प्रांतीय प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, राष्ट्रीय सचिव एवं ब्रज प्रांत प्रभारी तौकीर आलम, पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद, पूर्व विधायक एवं ब्रज प्रांत कोऑर्डिनेटर विवेक बंसल, पूर्व विधायक दल के नेता प्रदीप माथुर, पूर्व विधायक डॉ. अनिल चौधरी, और पूर्व सांसद सत्या बहन जैसे वरिष्ठ नेताओं ने ब्रज प्रांत के सभी जिलों की समीक्षा बैठक की।
इस कार्यशाला में प्रत्येक जनपद के चारों कोऑर्डिनेटर, जिलाध्यक्ष, शहर अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष और ब्लॉक प्रभारी उपस्थित रहे। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य था – संगठन का पुनर्गठन, कार्यकर्ता सशक्तिकरण, और आगामी चुनावों की रणनीति को लेकर स्थानीय स्तर पर कांग्रेस को मजबूत करना। इस अवसर पर हाथरस कांग्रेस सिपाही एवं कासगंज के मुख्य संगठन कोऑर्डिनेटर चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने सभी राष्ट्रीय और प्रांतीय नेताओं का ब्रज की देहरी हाथरस की ओर से स्वागत करते हुए उन्हें दुपट्टा पहनाकर और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।