Hamara Hathras

Latest News

मुंबई 28 जून । बॉलीवुड की लोकप्रिय अभिनेत्री और ‘कांटा लगा’ गाने से प्रसिद्ध हुईं शेफाली जरीवाला का शुक्रवार देर रात हार्ट अटैक से निधन हो गया। महज 42 वर्ष की उम्र में हुए इस अचानक निधन से फिल्म और टीवी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। मिली जानकारी के अनुसार, शेफाली जरीवाला को शुक्रवार रात अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें अंधेरी लोखंडवाला स्थित बेलेव्यू मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी। बाद में शव को कूपर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। शेफाली के पति पराग त्यागी और उनके तीन अन्य साथी उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अस्पताल स्टाफ ने पुष्टि की है कि शेफाली की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो गई थी।

साल 2002 में आए सुपरहिट रीमिक्स ‘कांटा लगा’ से शेफाली रातों-रात देशभर में मशहूर हो गई थीं। इस गाने की पॉपुलैरिटी के चलते उन्हें ‘कांटा लगा गर्ल’ कहा जाने लगा। इसके बाद उन्होंने फिल्म ‘मुझसे शादी करोगी’ और Bigg Boss 13 जैसे रियलिटी शो में हिस्सा लिया, जहां उनकी अलग पहचान बनी। उनके अचानक हुए निधन की खबर से पूरा मनोरंजन जगत स्तब्ध है। टीवी कलाकार एली गोनी, राजीव अदातिया, मोनालिसा और दिव्यांका त्रिपाठी जैसे सितारों ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी और इस असमय घटना पर दुख प्रकट किया। शेफाली के निधन ने एक बार फिर से यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आजकल युवा और फिट लोगों में भी हृदय रोग किस कदर बढ़ते जा रहे हैं। डॉक्टर्स का कहना है कि तनाव, अनियमित जीवनशैली, पोस्ट कोविड प्रभाव, और हार्मोनल असंतुलन जैसे कई कारणों से युवा दिल के रोगों के शिकार हो रहे हैं। शेफाली जरीवाला के शव का पोस्टमार्टम शनिवार सुबह कूपर अस्पताल में किया गया, जिसके बाद उनके पार्थिव शरीर को परिवार को सौंप दिया गया। अंतिम संस्कार की तैयारियाँ मुंबई में उनके आवास पर की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page