
हाथरस 14 नवम्बर । जिला कांग्रेस कमेटी हाथरस के तत्वावधान में आज मोहनगंज स्थित पार्टी के जिला कैंप कार्यालय पर देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती धूमधाम से मनाई गई। आयोजन के दौरान विचार गोष्ठी आयोजित की गई और उसके बाद अस्पताल में मरीजों को फल वितरित कर नेहरू के आदर्शों को स्मरण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेसजनों ने उनके सिद्धांतों पर चलकर राष्ट्र सेवा का संकल्प भी लिया। विचार गोष्ठी की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विवेक उपाध्याय ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में किसान कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव अजीत गोस्वामी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रवक्ता डॉ. मुकेश चंद्रा ने किया। गोष्ठी में बोलते हुए जिला कोषाध्यक्ष संजय आंधीवाल और महामंत्री ठाकुर कपिल सिंह ने कहा कि पंडित नेहरू ने भारत की आज़ादी और उसके बाद देश को विकासशील राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शहर महामंत्री गोविंद चतुर्वेदी और उपाध्यक्ष प्रदीप तेनगुरिया ने कहा कि चाचा नेहरू बच्चों से अत्यधिक प्रेम करते थे और उन्होंने बच्चों की शिक्षा, चिकित्सा व स्वास्थ्य को मजबूत करने के उद्देश्य से कई योजनाएं शुरू कीं। गोष्ठी के उपरांत कांग्रेसजनों ने पैदल मार्च करते हुए टीवी अस्पताल पहुँचे, जहाँ जिला अध्यक्ष विवेक उपाध्याय के नेतृत्व में मरीजों को फल वितरित किए गए और पंडित नेहरू के आदर्शों से लोगों को अवगत कराया गया। कार्यक्रम में मैनपुरी कोऑर्डिनेटर अवधेश बक्शी, संजय अग्रवाल, रामकुमार सारस्वत, छीतर मल शर्मा, डॉ. मीनू शर्मा, जेपी पांडे, प्रभाशंकर शर्मा, यूनिस कुरैशी, ज्ञानेंद्र मोहन दीक्षित सहित कई कांग्रेसी मौजूद रहे।














