
हाथरस 09 जून । क्षेत्र के जलेसर रोड स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले युवक के खिलाफ पुलिस ने युवती की बहन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। शिकायत में युवक पर कथित रूप से अश्लील फोटो-वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेल करने, छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, दो दिन पूर्व हाथरस गेट पुलिस को सूचना मिली थी कि जलेसर रोड स्थित एक होटल में युवक और युवती संदिग्ध परिस्थितियों में मौजूद हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती के साथ सदर कोतवाली क्षेत्र के लाला का नगला निवासी एक युवक को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान युवक की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। वहां से चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया। युवती की बहन द्वारा कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि उसकी 24 वर्षीय बहन की पहचान फेसबुक के माध्यम से युवक से हुई थी। शिकायत के अनुसार, बातचीत के दौरान युवक ने कथित रूप से युवती के निजी फोटो और वीडियो प्राप्त कर लिए और बाद में उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि युवक ने युवती को जलेसर रोड पर मिलने के लिए बुलाया। वहां पहुंचने पर उसने कथित रूप से युवती के साथ छेड़छाड़ की और विरोध करने पर गाली-गलौज एवं मारपीट की। डरी हुई युवती ने अपनी बहन को फोन कर घटना की जानकारी दी। शिकायत के अनुसार, बहन के मौके पर पहुंचने पर युवक ने दोनों को जान से मारने की धमकी दी और वहां से चला गया। पीड़िता की बहन ने अपनी शिकायत में आशंका जताई है कि आरोपित भविष्य में उनकी बहन को नुकसान पहुंचा सकता है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपी की तलाश की जा रही है।






















