Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 जून । दहेज की मांग और कथित घरेलू उत्पीड़न से परेशान एक विवाहिता ने महिला थाने पहुंचकर अपने पति एवं ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने मारपीट, गाली-गलौज, अतिरिक्त दहेज की मांग तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला थाने में दी गई शिकायत के अनुसार, रुमवती, पुत्री विजय सिंह, निवासी नेकपुर, का विवाह 17 मई 2025 को नगला फत्ता निवासी योगेश के साथ हुआ था। शिकायत में कहा गया है कि विवाह के दौरान उसके पिता द्वारा लगभग आठ लाख रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही है। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति योगेश आए दिन उसके साथ मारपीट करता है और अभद्र भाषा का प्रयोग करता है। साथ ही ससुराल पक्ष के लोग एक लाख रुपये नकद और एक बड़ी बाइक की मांग कर रहे हैं। मांग पूरी न होने पर उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है तथा जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। शिकायत में सास, ससुर, देवर और ननद पर भी उत्पीड़न और मारपीट में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता का कहना है कि कई बार उसके साथ सामूहिक रूप से मारपीट की गई, जिससे उसके शरीर पर चोटों के निशान भी आए हैं। विवाहिता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। महिला थाना पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page