Hamara Hathras

Latest News

हाथरस (मुरसान) 09 जून । कोतवाली क्षेत्र के गांव दर्शना के पास पूर्वोत्तर रेलवे ट्रैक पर मिले युवक और युवती के शवों की पहचान हो गई है। दोनों शव सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में रेलवे लाइन किनारे क्षत-विक्षत अवस्था में मिले थे। पुलिस को मौके से आधार कार्ड और रेलवे टिकट भी बरामद हुए थे, जिसके आधार पर पहचान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। मृतकों की पहचान 17 वर्षीय रिया कुशवाह पुत्री कल्याण सिंह कुशवाह निवासी बत्तरियन का पुरा, गिरकी नाका, थाना गिरवाई, जिला ग्वालियर (मध्य प्रदेश) तथा 25 वर्षीय आनंद कुशवाह पुत्र भीलम कुशवाह निवासी सोजना, जिला ग्वालियर के रूप में हुई है। रिया हाईस्कूल की छात्रा थी, जबकि आनंद पूर्व में एक कैंटीन में कार्य करता था। वह शादीशुदा था और उसकी एक पुत्री भी है। परिजनों के अनुसार रिया 30 मई की रात अपने घर से लापता हो गई थी। परिवार को उसके एक युवक से प्रेम संबंध होने की जानकारी थी और उसी पर संदेह भी जताया गया। बताया गया कि रिया को उसका प्रेमी अपने एक दोस्त के साथ लेकर गया था। हालांकि दो दिन बाद वह युवक अकेले गांव लौट आया और परिवार को बताया कि वह रिया और आनंद के साथ गया था, लेकिन यात्रा के दौरान दोनों उससे ट्रेन में बिछड़ गए, जिसके बाद वह वापस लौट आया। रिया के लापता होने के बाद परिवार और मध्य प्रदेश पुलिस उसकी तलाश में जुट गए थे। रेलवे ट्रैक पर मिले शवों की सूचना मिलने पर मध्य प्रदेश पुलिस, किशोरी के परिजनों तथा संबंधित युवक के कुछ परिचितों के साथ हाथरस पहुंची। यहां आधार कार्ड और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों शवों की पहचान की गई। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। दोनों की मौत दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई है, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। रिया के चाचा ने बताया कि 30 मई की रात से ही वह घर से गायब थी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला, जिसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना देकर गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। अब शव मिलने के बाद परिवार शोक में डूबा हुआ है, जबकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page