सिकंदराराऊ 09 जून । कोतवाली क्षेत्र के गांव गोपालपुर में आज दोपहर एक युवक का शव तालाब में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। जानकारी के अनुसार, ढोलना निवासी 18 वर्षीय अखिलेश कुमार मानसिक रूप से अस्वस्थ (मंदबुद्धि) था और उसका उपचार आगरा के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। परिजनों के अनुसार वह शनिवार को किसी बात से नाराज होकर घर से चला गया था। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। आज दोपहर लगभग एक बजे गांव गोपालपुर स्थित तालाब में एक युवक का शव दिखाई देने पर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाकर अपनी अभिरक्षा में ले लिया। बाद में शव की पहचान अखिलेश कुमार के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी कोतवाली पहुंच गए। पुलिस ने पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेज दिया।






















