Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 09 जून । पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई विवाहिता की मौत के बाद की गई। पुलिस ने आरोपी को नौगांव बंबा के पास से पकड़ा है।

पुलिस के अनुसार, आगरा जनपद के थाना मलपुरा क्षेत्र के नगला सांवला निवासी राजकुमार चाहर ने सादाबाद थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहन की शादी वर्ष 2002 में सादाबाद के दगसह गांव निवासी रविंद्र सिंह पुत्र तेज सिंह से हुई थी। शादी के बाद दंपति की कोई संतान नहीं थी। राजकुमार चाहर ने अपनी तहरीर में बताया कि संतान न होने की बात पर पति, जेठ और जिठानी उनकी बहन को अतिरिक्त दहेज की मांग के लिए लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। लगातार उत्पीड़न और मारपीट से परेशान होकर विवाहिता ने 2 जून 2026 की रात संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद मृतका के भाई ने पति समेत अन्य ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सादाबाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए मुकदमे में नामजद आरोपी पति रविंद्र सिंह को नौगांव बंबा के समीप से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। थाना सादाबाद में इस संबंध में मुकदमा संख्या 225/2026 धारा 85, 108 एवं 61(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया है। विवाहिता की मौत को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है, और परिजन दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page