
हाथरस 09 जून । तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के अंतर्गत मंगलवार को जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा को लेकर जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्थाएं की गई थीं, वहीं बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आगमन के कारण शहर के विभिन्न क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था प्रभावित रही और कई स्थानों पर जाम की स्थिति देखने को मिली।

परीक्षा के दूसरे दिन कुल 10,080 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, जिनमें से 7,427 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 2,653 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। निर्धारित समय से पहले ही अभ्यर्थी केंद्रों पर पहुंचने लगे, जिससे आसपास के क्षेत्रों में भी चहल-पहल बनी रही। अभ्यर्थियों की संख्या अधिक होने के कारण शहर के प्रमुख चौराहों पर दिनभर यातायात का दबाव बना रहा। विशेष रूप से तालाब चौराहा स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर सुबह से लेकर शाम तक लंबा जाम लगा रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा बस स्टैंड और हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन पर भी अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की भारी भीड़ देखने को मिली। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पूर्व सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। पुरुष अभ्यर्थियों के जूते और मोजे उतरवाकर तलाशी ली गई, जबकि महिला अभ्यर्थियों के आभूषणों की जांच के साथ-साथ बालों के जूड़े तक खुलवाकर निरीक्षण किया गया। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्षों में प्रवेश दिया गया। सभी परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहे तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल अथवा अव्यवस्था को रोका जा सके। जिला प्रशासन के अनुसार परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। अधिकारियों ने बताया कि भर्ती परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए शासन के निर्देशों का पूर्ण अनुपालन कराया जा रहा है तथा आगामी परीक्षा सत्रों में भी सुरक्षा और निगरानी के इसी स्तर को बनाए रखा जाएगा।

इन परीक्षा केंद्रों पर हुई परीक्षा
सरस्वती इंटर कॉलेज, सरस्वती डिग्री कॉलेज, उमेशचंद्र कौशिक आदर्श विद्या निकेतन इंटर कॉलेज, डीआरबी इंटर कॉलेज, महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, श्री रामबाग इंटर कॉलेज, अक्रूर इंटर कॉलेज, पीसी बागला डिग्री कॉलेज, पीवीएएस इंटर कॉलेज, के एल जैन इंटर कॉलेज सासनी, सीएलआरएन सेकसरिया इंटर कॉलेज, सेठ हरचरनदास कन्या इंटर कॉलेज और नेहरू स्मारक भगवान दास इंटर कॉलेज, मेंडू में आयोजित की जा रही है। प्रत्येक पाली में 5040 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। आज दूसरे दिन 2,653 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे ।























