
हाथरस 09 जून । पुरुषोत्तम माह के पावन अवसर पर सामाजिक संस्था जेसीआई हाथरस विक्ट्री द्वारा श्रद्धालुओं की सेवा के लिए एक सराहनीय पहल की गई। भीषण गर्मी के बीच भोरे वाली मैया मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से ठंडी लाहौरी जीरा एवं शरबत की बोतलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ठंडे पेय पदार्थों का लाभ उठाया। गर्मी से राहत मिलने पर श्रद्धालुओं ने संस्था के इस सेवा कार्य की सराहना की। आयोजन के दौरान जेसीआई हाथरस विक्ट्री की टीम ने श्रद्धालुओं की सेवा करते हुए मानवता और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया। संस्था की पदाधिकारियों ने बताया कि पुरुषोत्तम माह सेवा, दान और पुण्य का प्रतीक माना जाता है। इसी भावना के तहत मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को ठंडे पेय पदार्थ उपलब्ध कराए गए, जिससे उन्हें गर्मी से कुछ राहत मिल सके। इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष रीना गुप्ता, सचिव नेहा गुप्ता, कोषाध्यक्ष कोमल माहेश्वरी, जोन अधिकारी दीप्ति अग्रवाल तथा मीडिया प्रभारी रिचा बंसल के नेतृत्व में टीम ने कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। संस्था की सभी सदस्याओं के सहयोग से आयोजित यह सेवा कार्य श्रद्धालुओं के लिए राहत का माध्यम बना और सामाजिक सेवा के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।


























