
हाथरस 09 जून । अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री संदीप बंसल के जन्मदिवस को आज संगठन द्वारा “सेवा संकल्प दिवस” के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर आमजन के बीच रोज मिल्क का वितरण किया गया तथा व्यापारियों के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के प्रदेश मंत्री योगेंद्र शर्मा (योगा पंडित) ने कहा कि संगठन का उद्देश्य व्यापारियों के हितों की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर के व्यापारी के साथ होने वाले अवैधानिक उत्पीड़न या अन्याय को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी व्यापारियों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रामवीर सिंह भैया जी ने कहा कि व्यापारियों के हितों से जुड़े किसी भी आंदोलन या संघर्ष में वह सदैव उनके साथ खड़े रहेंगे और व्यापारी समाज की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय ने राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए व्यापार मंडल द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए वह हमेशा उनके साथ हैं और आवश्यक होने पर अधिकारियों से वार्ता कर समस्याओं का निस्तारण कराने में सहयोग करेंगे। बैठक में हाल के दिनों में व्यापारियों के साथ हुई घटनाओं एवं कथित उत्पीड़न के मामलों पर भी चर्चा की गई। संगठन ने निर्णय लिया कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान हेतु शीघ्र ही एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक से मिलकर ज्ञापन सौंपेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रामकुमार वर्मा ने तथा संचालन राजकुमार कोठीवाल ने किया। जिला महामंत्री अरुण कुलश्रेष्ठ ने सभी आगुन्तकों का आभार व्यक्त किया कार्यक्रम में फेम जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, शहर कोषाध्यक्ष मनीष अग्रवाल, सत्यप्रकाश रंगीला, दीनदयाल गोयल, युवा शहर महामंत्री आशीष अग्रवाल, शुभम मित्तल, पंकज खंडेलवाल, अनुज गर्ग, अरविंद सोनी, नवीन वर्मा, शरद वर्मा, विशाल सोनी, बाँके वर्मा, प्रकाश गुप्ता, आदि उपस्थित थे।


























