
हाथरस 09 जून । तीन दिवसीय पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था के साथ-साथ यातायात प्रबंधन भी प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती रही । हालांकि पुलिस एवं यातायात विभाग की प्रभावी रणनीति और मुस्तैद व्यवस्था के चलते परीक्षा के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रही और कहीं भी जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों, व्यस्त मार्गों और संवेदनशील यातायात बिंदुओं पर पुलिस एवं ट्रैफिक पुलिस के जवानों की विशेष तैनाती की गई थी। भीषण गर्मी और भारी यातायात दबाव के बावजूद जवान पूरी तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते नजर आए। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई थी तथा भारी वाहनों, ट्रैक्टरों और ई-रिक्शा के संचालन को नियंत्रित किया गया। परीक्षा केंद्रों की ओर जाने वाले मार्गों पर विशेष निगरानी रखी गई, जिससे अभ्यर्थियों को समय पर अपने केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। यातायात विभाग द्वारा पूर्व निर्धारित रूट डायवर्जन योजना को प्रभावी ढंग से लागू किया गया, जिसका सकारात्मक असर शहर की सड़कों पर देखने को मिला। परीक्षा अवधि के दौरान न केवल परीक्षार्थियों को राहत मिली, बल्कि आम नागरिकों को भी यातायात संबंधी असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। यातायात प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सभी प्रमुख यातायात बिंदुओं पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि कोई भी परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में विलंब का शिकार न हो और आम जनता को भी यातायात संबंधी परेशानी न उठानी पड़े।


























