हाथरस 09 जून । मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सहपऊ का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अंकुश सिंह उपस्थित रहे।
सीएमओ ने सबसे पहले उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। निरीक्षण के समय स्वास्थ्य पर्यवेक्षक (पुरुष) भूरी सिंह, बीपीएम हेमप्रकाश शर्मा तथा एनसीडी चिकित्साधिकारी डॉ. रजनीश उपस्थित मिले। वहीं स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी सुचिका सहाय केंद्र पर अनुपस्थित थीं। जानकारी करने पर बताया गया कि उन्होंने अर्जित अवकाश हेतु प्रार्थना पत्र कार्यालय को भेजा है, जिसकी स्थिति संतोषजनक पाई गई। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर आयोजित मातृत्व दिवस कार्यक्रम का भी अनुश्रवण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण तक 36 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी थी। सीएमओ ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाएं भी संतोषजनक पाई गईं। कोल्ड चेन कक्ष का निरीक्षण करते हुए सीएमओ ने उपलब्ध वैक्सीनों की जानकारी प्राप्त की। प्रसव कक्ष में स्टाफ नर्स गारगी ड्यूटी पर उपस्थित मिलीं। यहां वार्मर एवं फोटोथेरिपी मशीनें क्रियाशील अवस्था में पाई गईं। अधिकारियों ने बताया कि केंद्र पर प्रतिमाह लगभग 60 से 70 प्रसव कराए जाते हैं। महिला वार्ड में दो गर्भवती महिलाओं को आयरन सुक्रोज इंजेक्शन लगाए जाते हुए पाया गया। वहीं लैब कक्ष में लैब टेक्नीशियन शिवकांत पाण्डेय एवं शंकर उपस्थित मिले। जांच संबंधी जानकारी लेने पर बताया गया कि केंद्र पर मंगलवार को निरीक्षण के समय तक 400 से अधिक विभिन्न प्रकार की जांचें की जा चुकी थीं।


























