सादाबाद 24 मई । कोतवाली क्षेत्र के गांव विधीपुर में देर रात बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर अकेली महिला पर हमला कर दिया और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे पुलिस ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार, विधीपुर निवासी ज्योति देवी अपने चार छोटे बच्चों के साथ घर पर अकेली थीं, जबकि उनके पति देवेश कुमार दिल्ली में वाहन चलाने का कार्य करते हैं। कल यानि शनिवार रात करीब एक बजे दो अज्ञात चोर मकान की दूसरी मंजिल से छत के रास्ते घर में घुस आए। चोर सीधे उस कमरे में पहुंचे जहां गोदरेज की अलमारी रखी हुई थी और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर निकालने लगे। अलमारी से आवाज आने पर ज्योति देवी की नींद खुल गई। जब वह कमरे में पहुंचीं तो उन्होंने चोरों को देख लिया और शोर मचाने लगीं। इसी दौरान खुद को घिरा देखकर चोरों ने महिला पर बेरहमी से हमला कर दिया। आरोप है कि चोरों ने किसी भारी वस्तु से महिला के सिर और हाथ पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं। इसके बाद आरोपी लाखों रुपये के जेवरात लेकर मौके से फरार हो गए। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चोर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे। सूचना मिलते ही डायल 112 और बिसावर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही महिला के पति देवेश कुमार दिल्ली से गांव लौट आए। इस वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। चौकी इंचार्ज अमित कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।


























