Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 24 मई । मुरसान रोड स्थित लाइब्रेरी के बाहर साइकिल चोरी करने वाले किशोर को लोगों ने दूसरी वारदात के दौरान रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। खास बात यह रही कि यही किशोर दो दिन पहले हुई साइकिल चोरी की घटना में भी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था।

प्रगति पुरम निवासी आकाश पुत्र अरविंद ने कोतवाली में दी शिकायत में बताया कि 22 मई को वह मुरसान रोड स्थित लाइब्रेरी में पढ़ने गए थे। उन्होंने अपनी साइकिल लाइब्रेरी के बाहर खड़ी की थी। दोपहर करीब एक बजे जब वह घर लौटने के लिए बाहर आए, तो साइकिल वहां से गायब थी। साइकिल चोरी होने के बाद आसपास काफी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद लाइब्रेरी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। फुटेज में एक किशोर मौका पाकर साइकिल चोरी कर ले जाता दिखाई दिया। घटना के बाद लाइब्रेरी संचालक और आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़ने के लिए निगरानी शुरू कर दी। लोगों को शक था कि आरोपी फिर से इलाके में वारदात करने आ सकता है। बताया गया कि अगले ही दिन वही किशोर दोबारा लाइब्रेरी के आसपास पहुंचा और एक अन्य साइकिल चोरी करने का प्रयास करने लगा। पहले से सतर्क लोगों ने उसे पहचान लिया और पीछा शुरू कर दिया। किशोर साइकिल लेकर तेजी से भागने लगा, लेकिन ग्राम नौगांव के पास एक स्विमिंग पूल के निकट लोगों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत 112 डायल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंची। वहां उससे पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page