हाथरस 24 मई । भारत तिब्बत सहयोग मंच, ब्रज प्रांत के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन सुरेश अग्रवाल द्वारा किया गया, जिसमें संगठन की मजबूती, राष्ट्रीय सुरक्षा, तिब्बत की स्वतंत्रता एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्य रूप से ब्रज प्रांत अध्यक्ष शैलेंद्र विक्रम एवं पश्चिमी क्षेत्र के नवनियुक्त सह संयोजक डॉ. संदीप चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए शैलेंद्र विक्रम ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य कैलाश मानसरोवर की मुक्ति, तिब्बत की स्वतंत्रता, पर्यावरण संरक्षण और भारत की सुरक्षा है। उन्होंने कहा कि इन चार मूल मंत्रों को जन-जन तक पहुंचाना संगठन का संकल्प है, ताकि यह अंतरराष्ट्रीय मुहिम देश के प्रत्येक घर तक पहुंचे। उन्होंने चीन पर निशाना साधते हुए कहा कि कैलाश मानसरोवर एवं तिब्बत पर चीन का अवैध कब्जा मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन है और इसके खिलाफ वैश्विक एवं सामाजिक चेतना जागृत करना अत्यंत आवश्यक है। पश्चिमी क्षेत्र के नवनियुक्त सह संयोजक डॉ. संदीप चौधरी ने युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि छात्रों एवं युवाओं के बीच चीनी उत्पादों के बहिष्कार का संदेश पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब देश का युवा आर्थिक मोर्चे पर चीन को चुनौती देगा, तब चीन अपनी विस्तारवादी नीति छोड़ने को मजबूर होगा। बैठक में संगठनात्मक विस्तार पर चर्चा करते हुए बताया गया कि जल्द ही क्षेत्र के कर्मठ एवं निष्ठावान कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। साथ ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से वृक्षारोपण अभियान चलाने एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर ब्रज प्रांत, पश्चिमी क्षेत्र एवं हाथरस इकाई के जिलाध्यक्ष डॉ. दिनेश माहेश्वरी, पर्यावरण प्रमुख ऋषि कुमार वार्ष्णेय, जिला महामंत्री लोकेश अग्रवाल, युवा विभाग जिला अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय सहपऊ वाले, वासुदेव वार्ष्णेय, कुलदीप चौधरी सहित अनेक पदाधिकारी एवं राष्ट्रभक्त कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


























