
हाथरस 07 नवंबर | हाथरस में उस समय राजनीतिक हलचल तेज हो गई, जब बनारस में आयोजित एसआईआर विरोधी प्रधानमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय को सासनी पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। रात करीब 10:30 बजे सासनी कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार द्वारा जिलाध्यक्ष को उनके आवास पर ही नजरबंद कर दिया गया। हाउस अरेस्ट के बाद विवेक उपाध्याय ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह कार्रवाई विपक्ष की आवाज को दबाने का स्पष्ट प्रयास है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में असहमति और विरोध का अधिकार नागरिकों का मूल अधिकार है, लेकिन निर्वाचित प्रतिनिधियों को रोकना या कैद करना लोकतंत्र नहीं बल्कि तानाशाही का संकेत है। उन्होंने यह भी कहा कि यह हाउस अरेस्ट कांग्रेस की हिम्मत को नहीं, बल्कि सत्ताधारी व्यवस्था के डर को उजागर करता है। विवेक उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि जनता सब जानती है कि कौन सच के साथ खड़ा है और कौन सत्ता के साथ, और उन्होंने यह भी दोहराया कि जनता के सवालों, शिक्षकों पर हुए अन्याय और एसआईआर प्रक्रिया के खिलाफ उनकी आवाज आगे भी मजबूती से उठती रहेगी।








