
हाथरस 14 नवम्बर । कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के नयानगला हतीसा निवासी 23 वर्षीय कौशल पुत्र सत्यवीर सिंह की बूआ की 22 नवबंर 2025 को शादी है। कौशल अपने ममेरे भाई अरविंद पुत्र सत्यवीर निवासी छाई की नगरिसा कुरसंडा सादाबाद के साथ बिसावर क्षेत्र के गांव कलुआ की नगरिया शादी के कार्ड बांटने गया था। देर रात दोनों युवक बाइक पर सवार हो हाथरस लौट रहे थे, इसी दौरान बिसावर के निकट उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी सादाबाद पहुंचाया। यहां से परिवार के लोग शहर के निजी अस्पताल ले गए। इसके बाद परिजन दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां पर डॉक्टर ने कौशल को मृत घोषित कर दिया। इस बात की जानकारी होने पर परिवार के लोग रोने-बिलखने लगे। यहां पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। मृतक राजमिस्त्री का काम करता था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। शुक्रवार की सुबह पोस्टमार्टम हाउस पर परिवार के लोगों की भीड़ लग गई। शादी वाले घर में मातम छा गया।














