
हाथरस 14 नवम्बर । श्री रामेश्वर दास अग्रवाल कन्या महाविद्यालय में आज अंग्रेजी विभाग द्वारा “विलियम शेक्सपियर एंड हिज़ कंट्रीब्यूशन इन इंग्लिश लिटरेचर” विषय पर सेमिनार का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्राचार्या प्रो. सुषमा यादव के निर्देशन और अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. संगीता अरोरा के मार्गदर्शन में स्नातकोत्तर स्तर पर आयोजित हुआ, जिसमें एम.ए. प्रथम व तृतीय सेमेस्टर की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। सेमिनार में छात्राओं ने विलियम शेक्सपियर के जीवन, उनकी कृतियों एवं अंग्रेजी साहित्य में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। प्रतियोगिता में कु. वंदना वार्ष्णेय ने प्रथम, कु. शैलजा सिंह ने द्वितीय, तथा कु. सानिया ने तृतीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम के निर्णायक डॉ. शालिनी शर्मा और कु. नाहिद बी रहीं। सेमिनार का संयोजन एवं संचालन डॉ. ललितेश तिवारी ने किया। उन्होंने प्रतिभागी छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।














